सुल्तानपुर। निजी तस्वीरों और वीडियो के जरिये ब्लैकमेल कर युवती से 12 लाख रुपये वसूलने और फिर 15 लाख रुपये मांगने का मामला सामने आया है। कादीपुर के एक गांव की युवती ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। एसपी विनीत जायसवाल के निर्देश पर कादीपुर पुलिस ने आरोपी जीजा और साले के खिलाफ ब्लैकमेलिंग सहित अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की है।
पीड़िता के मुताबिक आगरा के रामबाग, मुनिहाई, दुर्गानगर निवासी सर्वोत्तम प्रकाश कुशवाहा के पास उनकी कुछ निजी तस्वीरें और वीडियो थे। आरोप है कि उसी तस्वीरों को आधार बनाकर आरोपी ने ब्लैकमेलिंग की। आरोपी ने 27 और 28 अक्तूबर 2025 को आरटीजीएस के जरिये उनसे 12 लाख रुपये लिए थे। रुपये देने के बाद भी ब्लैकमेलिंग जारी रही। आरोप है कि जेवर गिरवी रखकर कर्ज लिया और रकम आरोपी को देनी पड़ी थी। आरोपी पीड़िता से 15 लाख रुपये और मांग रहे हैं। रकम नहीं देने पर निजी तस्वीरें सार्वजनिक करने की धमकी दी जा रही है।
पीड़िता का आरोप है कि उनकी निजी तस्वीरें बड़े भाई को भी भेजी गईं। उनके फेसबुक खाते का अनधिकृत इस्तेमाल कर तस्वीरें पोस्ट की जा रही हैं। उन्हें मानसिक प्रताड़ना और सामाजिक बदनामी का सामना करना पड़ रहा है। पीड़िता ने सर्वोत्तम प्रकाश के जीजा आकाश सरन कुशवाहा पर भी धमकी देने व ब्लैकमेलिंग करने का आरोप लगाया है। घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों को भी साक्ष्य के रूप में पुलिस को दिया है। सीओ कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि बुधवार को कादीपुर कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। प्रकरण की जांच की जा रही है।