इसौली और मोतिगरपुर में अपनी पहली चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए सीएम अखिलेश यादव ने विकास के मुद्दे पर खूब जोर दिया। इसौली के लखपेड़वा में उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि छात्रों को लैपटॉप, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस हाइवे, मेट्रो, 55 लाख को समाजवादी पेंशन, मरीजों के लिए 108, 102 एबुंलेंस, लड़कियों की सुरक्षा के लिए 1090 सेवा, पुलिस से मदद के लिए 100 नंबर सेवा, स्कूलों में बर्तन, बैग, मेधावियों को लैपटॉप देने का हवाला दिया।
कहा लखनऊ-बलिया एक्सप्रेस-वे के लिए आधी जमीन खरीदी जा चुकी है। सरकार आई तो 30 माह में एक्सप्रेस-वे बन जाएगा। बताया कि नेताजी ने पिछले चुनाव में कहा था कि चुनाव जीतेंगे तो महिलाओं को दो साड़ी देंगे। दिक्कत यह थी कि साड़ी लाल व हरे रंग की देते तो झगड़ा मच जाता, इसलिए समाजवादी पेंशन दी। सीएम ने अपने घोषणा पत्र को लेकर कहा कि सपा सरकार बनी तो एक करोड़ को समाजवादी पेंशन देंगे।
इसमें एक हजार रुपये मिलेंगे। प्राइमरी स्कूलों के बच्चों को एक किलो घी मिलेंगे। सपा सरकार जरूरतों को ध्यान में रखकर कार्य करती है। उन्होंने अमेरिका का हवाला दिया। कहा, कि अमेरिका ने सड़क बनवाई और सड़क ने ही अमेरिका को बना दिया। विकास के लिए सड़क और एक्सप्रेस-वे बहुत जरूरी है। कहा कि अभी शहरों को 24 व गांव को 16 व 18 घंटे बिजली दे रहे हैं। आगे सरकार बनी तो गांव व शहर सभी को 24 घंटे बिजली देंगे। क्या बीजेपी वाले 26 घंटे बिजली दे सकते हैं? जब 26 घंटे होते ही नहीं तो क्या देंगे। वे गैस चूल्हा दे रहे हैं सिलेंडर व बर्तन कौन देगा।
कहा कि इस चुनाव की मेरी पहली जनसभा है। आप समझ सकते हैं कि यह कितनी महत्वपूर्ण है। लोगों की नजर आप पर रहेगी। उन्होंने अरुण वर्मा, अबरार अहमद समेत सभी सपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। इसके पहले मोतिगरपुर की जनसभा में पहुंचने पर मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति, मंत्री बलराम यादव, मंत्री राममूर्ति वर्मा, सदर विधायक अरुण वर्मा, लंभुआ विधायक संतोष पांडेय, कादीपुर विधायक रामचंद्र चौधरी, जिलाध्यक्ष प्रो. राम सहाय यादव, एमएलसी शैलेेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। लखपेड़वा में इसौली विधायक अबरार अहमद, सुल्तानपुर विधायक अनूप संडा, गौरीगंज विधायक राकेश सिंह, सुरभि शुक्ला, जानकी पाल ने स्वागत किया।