सुल्तानपुर। घर के बाहर खेल रहे एक बच्चे जमीन पर पड़े पटाखे को उठाकर अलाव में डाल दिया। आग में पड़ते ही पटाखे में विस्फोट हो गया। विस्फोट की चपेट में बच्चा आ गया। परिवारीजनों ने गंभीर रूप से घायल बच्चे को प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया है।
दोस्तपुर थाना क्षेत्र के बहबल टोला पूर्वी निवासी अच्छेलाल का सात वर्षीय बेटा आकाश सोमवार की शाम को घर के बाहर खेल रहा था तभी आकाश ने जमीन पर पड़ा एक पटाखा उठाकर अलाव में डाल दिया। आग में पड़ते ही पटाखा फट गया।
जिसकी चपेट में आकर आकाश घायल हो गया। परिवारीजनों ने गंभीर हालत में उसे एक प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया है। परिवारीजनों ने बताया कि सोमवार की सुबह गांव के ही एक परिवार में जन्म दिन के अवसर पर पटाखा दागा गया था। इन पटाखों में कुछ पटाखे मिस हो गए थे, जिसे उठाकर आकाश ने अलाव में डाल दिया। तभी यह हादसा हो गया।