छात्रा को पुस्तिका दिखाते डीएम।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। गोद लिए उच्च प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को कई बार पढ़ाने के बाद डीएम ने बृहस्पतिवार को उनकी परीक्षा ली। इसके लिए डीएम ने खुद ही प्रश्नपत्र तैयार किया। परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं का मुल्यांकन भी किया जिसमें कक्षा आठ के अधिकांश विद्यार्थी पास हुए है।
दूबेपुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय में कई माह तक छात्रों को गणित, अंग्रेजी, विज्ञान, भूगोल व सामान्य ज्ञान पढ़ाने के बाद बृहस्पतिवार को पहुंचे डीएम रवीश गुप्ता ने कक्षा आठ के छात्रों की परीक्षा ली। परीक्षा के लिए उन्होंने सभी विषयों को मिलाकर 10 प्रश्न स्वयं बनाए थे। अति लघु प्रश्नों का पूर्णांक 100 रखा था। विद्यालय में शिक्षिका की मौजूदगी में डीएम ने छात्रों को प्रश्न पत्रों का वितरण कराकर परीक्षा ली। परीक्षा व उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के दौरान वे क्लास में मौजूद रहे। उन्होंने स्वयं कुछ उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया। डीएम के मूल्यांकन में कक्षा आठ के अधिकांश बच्चे पास हो गए। परीक्षा में कुछ प्रश्नों का उत्तर सही आने पर डीएम ने छात्रों से ब्लैक बोर्ड पर उसे हल करवाया। कुछ प्रश्नों का उत्तर उन्होंने स्वयं लिखा।
परीक्षा लेने के बाद डीएम ने छात्रों की हौसलाअफजाई की। उन्हें और मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही आगे की परीक्षा की तैयारी करने को कहा। डीएम की ओर से प्रश्न पत्र बनाने व परीक्षा लिए जाने से छात्र उत्साहित नजर आए। कक्षा आठ के छात्रों की परीक्षा के दौरान डीएम ने जिला सूचना अधिकारी को भी विद्यार्थियों वाला एक प्रश्नपत्र हल करने को दिया। सूचना अधिकारी ने 99 फीसदी प्रश्नों का सही उत्तर दिया। डीएम ने शिक्षकों को शिक्षा की गुणवत्ता में निखार लाने का निर्देश दिया।