सुल्तानपुर। मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए नीट (नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट) पहली बार जिले में होगा। इसके लिए तीन केंद्र नामित किए गए हैं। 17 जुलाई को आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए केंद्रों पर तैयारियां चल रही हैं।
नीट के लिए पहले जिले के छात्रों को लखनऊ, इलाहाबाद समेत अन्य शहरों में जाना पड़ता था। इस बार एनटीए (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) की ओर से आयोजित होने वाली यह परीक्षा जिले में ही होगी। नीट के लिए तीन केंद्र नामित किए गए हैं। इसमें सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सनबीम स्कूल व केंद्रीय विद्यालय अमहट शामिल है। नीट की समन्वयक और सनबीम स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. शरनजीत कौर ने बताया कि परीक्षा में 1717 परीक्षार्थी प्रतिभाग करेंगे। परीक्षा केंद्र सेंट जेवियर्स स्कूल को 709, सनबीम स्कूल को 504 व सेंट्रल स्कूल को 504 विद्यार्थी आवंटित किए गए हैं। 17 जुलाई को आयोजित होने वाली परीक्षा अपराह्न दो से शाम 5:20 बजे तक होगी लेकिन परीक्षार्थियों को डेढ़ बजे के बाद प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की बायोमीट्रिक अटेंडेंस होगी। परीक्षा ऑफलाइन मोड में ही संचालित होगी।