रामरती इंटरमीडिएट कॉलेज द्वारिकागंज में नवोदय विद्यालय की परीक्षा देने पहुंचे बच्चे।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। जवाहर नवोदय विद्यालय अमिलिया सिकरा में कक्षा छह में प्रवेश के लिए परीक्षा का आयोजन जिले के पांच केंद्रों पर किया गया। नामांकित 2498 में से 1743 विद्यार्थी प्रवेश परीक्षा में शामिल हुए। वहीं 755 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।
जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा सुबह साढ़े 11 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक हुई। सह जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. आरजे मौर्य ने बताया कि जीआईसी में नामांकित 515 बच्चों के सापेक्ष 396 बच्चे परीक्षा में शामिल हुए। 119 बच्चे अनुपस्थित रहे। केशकुमारी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में नामांकित 650 के सापेक्ष 457 ने परीक्षा में हिस्सा लिया। 193 बच्चे अनुपस्थित रहे। सलीम हायर सेकेंडरी स्कूल में नामांकित 211 के सापेक्ष 141 बच्चों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया। 70 बच्चों ने परीक्षा छोड़ दी।
महात्मा गांधी स्मारक इंटर कॉलेज में नामांकित 622 के सापेक्ष 471 विद्यार्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया। 151 विद्यार्थी गैरहाजिर रहे। रामरती इंटर कॉलेज द्वारिकागंज में नामांकित 500 विद्यार्थियों के सापेक्ष 278 ने परीक्षा में प्रतिभाग किया। 222 बच्चे परीक्षा में शामिल नहीं हुए। जिला विद्यालय निरीक्षक वीपी सिंह ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण व नकल विहीन संपन्न हुई है।