सुल्तानपुर। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत सत्र 2021-22 की बीए, बीएससी व बीकॉम प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा के लिए ऑनलाइन परीक्षा आवेदन पत्र भरने की तिथि बढ़ा दी है। छात्र-छात्राएं परीक्षा शुल्क के साथ ऑनलाइन आवेदन पत्र 31 दिसंबर तक भर सकेंगे। महाविद्यालय एक जनवरी तक ऑनलाइन परीक्षा आवेदन पत्रों को संशोधित व सत्यापित कर सकेंगे।
डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह के निर्देश पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत सत्र 2021-22 की बीए, बीएससी व बीकॉम प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा के लिए संबद्ध महाविद्यालयों को पुन: दिशा-निर्देश दिया है। स्नातक छात्रों को ऑनलाइन परीक्षा शुल्क जमा करना होगा। छात्र परीक्षा आवेदन पत्र भरते समय अनिवार्य रूप से वही विषय आवेदन पत्र में चयनित करेंगे, जो प्रवेश के समय उन्हें महाविद्यालय से आवंटित किए गए हैं, अन्यथा उनका आवेदन निरस्त किया जा सकता है। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक उमानाथ ने बताया कि जिन छात्र-छात्राओं ने परीक्षा आवेदन पत्र पूरे नहीं किए हैं, उन्हें ऑनलाइन परीक्षा आवेदन पत्र भरने के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जाना होगा। छात्र को यूआईएन और जन्मतिथि को अंकित कर ऑनलाइन परीक्षा आवेदन पत्र में वांछित विवरण को सावधानी पूर्वक भरना होगा।
छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन आवेदन पूरा करने के बाद दो प्रतियों में प्रिंट निकालना होगा। प्रतियों पर हस्ताक्षर करने के बाद महाविद्यालय में निर्धारित समय सीमा में एक प्रति जमा करने के साथ दूसरी अपने पास सुरक्षित रखनी होगी। यदि किसी छात्र के परीक्षा आवेदन पत्र को पूरा करते समय कोई त्रुटि हो जाती है तो वे अपने परीक्षा आवेदन पत्र को महाविद्यालय के स्तर से संशोधित कराना सुनिश्चित करेंगे। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि छात्रों के ऑनलाइन परीक्षा आवेदन पत्रों को सत्यापित करने के लिए महाविद्यालयों को विश्वविद्यालय की परीक्षा वेबसाइट पर जाना होगा।