सुल्तानपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा 2020 में जिलेे के सभी मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों को आधारभूत सूचनाएं परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करनी होंगी। वह चाहे केंद्र बनना चाहते हों अथवा नहीं। भ्रामक व अधूरी सूचनाएं अपलोड करने वाले विद्यालय को परिषद से डिबार घोषित कर दिया जाएगा।
जिले में मौजूदा समय में 331 माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2020 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए पहले छह सितंबर तक ऑनलाइन सूचनाएं अपलोड करने का निर्देश दिया था।
इसमें जिले में 331 में से 218 माध्यमिक विद्यालयों ने वेबसाइट पर सूचनाएं अपलोड की हैं जबकि 113 माध्यमिक विद्यालयों ने सूचना परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड नहीं की हैं।
इसे देखते हुए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने विद्यालय की आधारभूत सूचनाएं अपलोड करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 20 सितंबर कर दी है। जिला विद्यालय निरीक्षक नरेंद्र देव पांडेय ने बताया कि वर्ष 2020 की परीक्षा में सम्मिलित होने वाले समस्त मान्यता प्राप्त विद्यालयों को शासन के निर्देशानुसार समस्त आधारभूत सूचनाएं अपलोड करना अनिवार्य है।
दूरी के संदर्भ में विद्यालयों की जानकारी के लिए सहायता के लिए परिषद की वेबसाइट पर एक सूची अपलोड की गई है। प्रधानाचार्यगण इस सूची को डाउनलोड कर उसकी सहायता ले सकते हैं। परीक्षा केंद्र पर वॉयस रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरा के डीवीआर के साथ राउट डिवाइस लगा होना अनिवार्य किया गया है।