धनपतगंज में आयोजित कैंप में मौजूद किसान। -संवाद
धनपतगंज/कुड़वार। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के संतृप्तिकरण को लेकर बृहस्पतिवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत शिविर का आयोजन किया गया। क्षेत्र की ग्राम पंचायत भरसड़ा, रामनगर, बिनगी व केवटली गांव में आयोजित शिविर में पहुंचे किसानों के खाते में हुए त्रुटि का सुधार किया गया और नए आवेदन जमा कराए गए।
खराब मौसम के बावजूद शिविर में पहुंचे किसानों के सम्मान निधि खाते में त्रुटि सुधार के लिए आवश्यक कोरम पूरा किया। रामनगर गांव में लगे शिविर में पहुंचे राजकीय कृषि बीज गोदाम प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए हलका लेखपाल व ग्राम प्रधान मौजूद रहे। किसानों के बैंक खाते की केवाईसी और भूलेख अंकन के साथ सत्यापन किया गया। दोपहर दो बजे तक आयोजित सभी शिविरों में 48 किसानों ने संतृप्तीकरण का लाभ लिया।
शुक्रवार को सतहरी, सरैया भरथी, बड़नपुर व मझवारा गांव में शिविर लगाया जाएगा। वहीं, कुड़वार ब्लॉक के मड़हा, शाहपुर सरकंडेडीह, प्रतापपुर द्वितीय, नीरसहिया व घुसियरिया गांव में बृहस्पतिवार को पीएम किसान सम्मान निधि के संतृप्तीकरण के लिए लगाए गए शिविर में किसानों ने अपने अभिलेख जमा किए।