समाधान दिवस में शिकायतें सुनते डीएम-एसपी। स्रोत- सूचना विभाग
जयसिंहपुर। तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी कुमार हर्ष व एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने लोगों की शिकायतें सुनीं। जमीन पर कब्जे व राजस्व से संबंधित मामलों की भरमार रही। मौसम खराब होने से फरियादियों की संख्या कम रही। समाधान दिवस में कुल 120 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिसमें मौके पर ही 27 शिकायतों का निस्तारण कराया गया।
केस- 1
दबंग कर रहे जमीन पर कब्जा
डीएम एसपी को शिकायती पत्र देते हुए बरसोमा निवासी राजकुमारी ने कहा कि हमारी बात कोई नहीं सुन रहा है, गांव के कुछ दबंग लोग हमारी कुल जमीन पर कब्जा कर ले रहे हैं। मना करने पर मारपीट करते हैं, पुलिस केस भी नहीं दर्ज कर रही है। डीएम ने मामले को जल्द सुलझाने का निर्देश सीओ को दिया।
केस- 2
हैंडपंप पर कब्जा कर फैला रहे गंदगी
जयसिंहपुर निवासी सियाराम दिव्यांग हैं, उन्होंने डीएम को प्रार्थना पत्र देकर मांग की कि उनके घर के पास इंडिया मार्का हैंडपंप लगा है। पड़ोसियों ने अनाधिकृत रूप से कब्जा कर गंदगी फैलाते हैं। कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। वे लोग उनकी जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। डीएम ने एसडीएम को इस मामले की जांच के लिए निर्देशित किया।
केस - 3
शिकायत करने पर पिटाई
नथईपुर निवासी संगीता ने शिकायत की है कि उनके गांव में चकबंदी प्रक्रिया चल रही है। जिसमें उनके जमीन पर कुछ लोग कब्जा कर रहे हैं। कई बार पुलिस बुलाई गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल रहा है। आरोपित दबंग किस्म के हैं, शिकायत के बाद मारते-पीटते हैं। एसपी ने सुरक्षा का इंतजाम करते हुए कार्रवाई के लिए थाने की पुलिस को कहा।