सुल्तानपुर। स्थानांतरण नीति 2018 के विपरीत ट्रांसफर, राजकीय कर्मचारियों को ब्लॉक संसाधन केंद्र भेजे जाने और स्वेच्छा से स्थानांतरण चाहने वाले कर्मचारियों का तबादला न करने के विरोध में जिला विद्यालय निरीक्षक और बीएसए कार्यालय के कर्मियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया।
यूपी एजुकेशनल मिनिस्ट्रियल ऑफिसर्स एसोसिएशन के बैनर तले मंडलीय अध्यक्ष अजय शुक्ला व जिलाध्यक्ष शिव प्रताप सिंह की अगुवाई में पदाधिकारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। सभी कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर अपने कार्यों को निपटाया।
मंडलीय अध्यक्ष अजय शुक्ला ने बताया कि स्थानांतरण नीति के विपरीत अनियमित तबादले, पदोन्नति के दो वर्ष बाद भी पदस्थापन न करने, राजकीय कर्मियों को बीआरसी पर भेजे जाने आदि के विरोध में काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया गया है।
शुक्रवार को बीएसए को ज्ञापन तथा 12 जुलाई को मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक को ज्ञापन दिया जाएगा। विरोध प्रदर्शन में जिला सचिव अरुण कुमार तिवारी, जेपी तिवारी, राजकुमार पाठक, सुरजीत, जितेंद्र मिश्रा, दिनेश मिश्रा, रामप्रकाश राना, मो. शकील ने हिस्सा लिया।