सुल्तानपुर। मेडिकल कॉलेज में संचालित इमरजेंसी सेवा को अमहट स्थित ट्रॉमा सेंटर में जल्द शुरू किया जाएगा। मेडिकल कॉलेज में आए दिन मरीजों को हो रही परेशानी को देखते हुए प्राचार्य ने कार्ययोजना तैयार की है। डीएम से हरी झंडी मिलते ही इसे अमली जामा पहना दिया जाएगा।
जिला अस्पताल पुरुष और जिला अस्पताल महिला को मेडिकल कॉलेज में मर्ज कर दिया गया है। प्रतिदिन सड़क हादसों अथवा मारपीट में गंभीर रूप से घायल लोगों को उनके तीमारदार मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में लाते हैं। इमरजेंसी कक्ष तक मरीजों को पहुंचाने में एंबुलेंस अथवा तीमारदारों को प्रतिदिन जाम से होकर गुजरना पड़ता है।
इसे देखते हुए मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने कार्ययोजना तैयार की है। उन्होंने लोगों को हो रही परेशानी से निजात दिलाने के लिए लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ट्रॉमा सेंटर को चुना है। ट्रॉमा सेंटर में 24 घंटे इमरजेंसी सेवा चालू रहेगी। इसके लिए चिकित्सक भी 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे। वहीं मेडिकल कॉलेज में भी इमरजेंसी सेवा आंशिक रूप से चालू रहेगी ताकि शहर से पहुंचने वाले लोगों को यहां भी उपचार मिल सके।
मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी सेवा को ट्रॉमा सेंटर में शुरू किया जाएगा, इसा पूरा खाका तैयार कर लिया गया है। जिलाधिकारी जसजीत कौर से हरी झंडी मिलते ही सेवा चालू कर दी जाएगी।
-डॉ. सलिल श्रीवास्तव, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज