सुल्तानपुर। जिले की तीन ग्राम पंचायतों की जांच में जिला पंचायतराज अधिकारी ने करीब 24 लाख रुपये सरकारी राशि का गबन पकड़ा है। अधिकांश राशि बिना कार्य कराए ही निकाल ली गई है। जांच के बाद तीनों ग्राम पंचायतों के प्रधान व पंचायत सचिव पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है।
शिकायत पर जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला पंचायतराज अधिकारी आरके भारती ने धनपतगंज के बहादुरपुर, कुड़वार के अगई व करौंदीकलां के काशीपुर ग्राम पंचायत में कराए गए कार्यों की जांच की है। धनपतगंज के बहादुरपुर में शिकायत के बिंदुओं की जांच में मनरेगा से कराया गया बंधा निर्माण समेत अन्य कार्य मौके पर नहीं पाया गया है। इसके साथ ही केंद्रीय व राज्य वित्त से कराए गए कार्य में भी गबन पाया गया है। बहादुर में डीपीआरओ ने करीब नौ लाख 76 हजार रुपये की गड़बड़ी पकड़ी है। करौंदीकलां के काशीपुर ग्राम पंचायत की जांच में केंद्रीय वित्त, राज्य वित्त समेत मनरेगा से कराए गए कार्य में करीब 13 लाख आठ हजार रुपये की गड़बड़ी मिली है।
कुड़वार के अगई की जांच में हैंडपंप रिबोर व दिव्यांग प्रसाधन में करीब एक लाख 55 हजार रुपये की गड़बड़ी पाई गई है। डीपीआरओ की जांच रिपोर्ट पर जिला मजिस्ट्रेट रवीश गुप्ता ने बहादुरपुर की ग्राम प्रधान अनीता, काशीपुर की ग्राम प्रधान शाहिदा बेगम व कुड़वार की ग्राम प्रधान मंजू मिश्रा के खिलाफ कार्रवाई की नोटिस जारी करते हुए जवाब मांगा है।
इसी तरह डीपीआरओ ने अगई के पंचायत सचिव मोहम्मद इमरान, बहादुरपुर के तत्कालीन पंचायत सचिव बलिराम गौड़ व काशीपुर के तत्कालीन पंचायत सचिव केशवराना के खिलाफ कार्रवाई की नोटिस जारी की है। जांच के बाद नोटिस जारी होने पर कर्मचारियों में खलबली मची है और प्रधान पर बर्खास्तगी की तलवार लटकने लगी है। डीपीआरओ ने बताया कि समय पर जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई होगी।