सुल्तानपुर। देश में चल रहे किसान आंदोलनों के मद्देनजर पुलिस भी खासी सतर्क है। सोमवार को जिले में पहुंचे आईजी अयोध्या परिक्षेत्र संजीव गुप्ता ने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसानों की समस्याओं को राजस्व टीम के साथ मिलकर निस्तारित करें। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर खासी सतर्कता बरती जाए। धर्मगुरुओं के साथ संवाद स्थापित करके जानकारी हासिल करें।
सोमवार को पुलिस महानिरीक्षक अयोध्या परिक्षेत्र डॉ. संजीव गुप्ता जिले में पहुंचे। आईजी सबसे पहले पुलिस प्रशिक्षण केंद्र पहुंचे, जहां उन्हें पुलिस गार्द ने सलामी दी। इसके बाद वे रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में जिले के आलाधिकारियों के साथ मीटिंग की।
आईजी ने जिले में किसानों के धरना प्रदर्शन व कानून व्यवस्था के संबंध में सभी क्षेत्राधिकारी, इंटेलीजेंस ब्यूरो, अभिसूचना इकाई, प्रभारी 112 तथा पुलिस विभाग की सभी शाखाओं से जानकारी ली। आईजी ने कहा कि किसान आंदोलन को लेकर उत्तर प्रदेश शासन के जारी दिशा-निर्देशों को जिला स्तर पर अनुपालन किया जाए।
उन्होंने कहा कि किसान समस्याओं को हल करने के लिए पुलिस के अधिकारी राजस्व टीम के साथ गांव-गांव पहुंचे और उनकी समस्याओं को सुनें और मौके पर ही निस्तारित कराएं। उन्होंने कहा कि जिले के मिश्रित आबादी वाले मोहल्लों व कस्बों में धर्मगुरुओं के साथ संवाद स्थापित करें।
उन्होंने सरकारी संस्थानों, बस स्टॉप, रेलवे स्टेशन, बिजली विभाग तथा समस्त सरकारी सस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए एसपी शिवहरी मीणा को दिशा निर्देश दिया। इस मौके पर एएसपी शिवराज के साथ ही सभी सीओ व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।