जयसिंहपुर क्षेत्र में बिजली कटौती को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट गया। ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति के विरोध में लखनऊ-बलिया राजमार्ग जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलते ही अफसर परेशान हो गए। मौके पर पहुंची जयसिंहपुर पुलिस ने पहले तो ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन प्रदर्शनकारियों के नहीं मानने पर उन्हें दौड़ा लिया। सड़क से हटने के बाद ग्रामीण तहसील पहुंच गए और एसडीएम को ज्ञापन दिया।
क्षेत्र में हो रही बिजली कटौती के खिलाफ शुक्रवार को ग्रामीण आक्रोशित हो गए। बरौंसा के पास रामपुर मोड़ पतुरिया की बाग के सामने ग्रामीणों ने लखनऊ-बलिया राजमार्ग सुबह करीब 10 बजे जाम कर दिया। सड़क पर ग्रामीण बिजली व्यवस्था को लेकर प्रदर्शन करने लगे। सड़क पर ग्रामीणों के प्रदर्शन एवं जाम की सूचना मिलते ही तहसील के अधिकारी परेशान हो गए। मौके पर जयसिंहपुर पुलिस को भेजा।
जाम स्थल पर पहुंचकर पहले पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन जब ग्रामीण नहीं माने तो पुलिस ने उन्हें दौड़ा लिया। ग्रामीण पुलिस डंडे के डर से सड़क छोड़कर तहसील मुख्यालय पहुंच गए। तहसील पर ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में निर्धारित रोस्टर के मुताबिक बिजली आपूर्ति की मांग की। एसडीएम शिवशंकर सिंह ने ग्रामीणों को बिजली आपूर्ति दुरुस्त करवाने का आश्वासन दिया।
इसके बाद ग्रामीण तहसील से हटे। इधर, करीब आधे घंटे मार्ग पर जाम के दौरान दर्जनों वाहनों की दोनों तरफ कतार लग गई। जाम हटने के बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हुआ। ज्ञापन देने वालों में भाजपा मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश शुक्ला, आकाश दुबे, श्याम वर्मा, बबलू वर्मा, सूरज धुरिया, आनंद मिश्र समेत तमाम लोग शामिल रहे।