मेडिकल काॅलेज में महिला की मौत के बाद रोते परिजन।
सुल्तानपुर। मेडिकल काॅलेज के चतुर्थ तल पर जनरल वार्ड में भर्ती बुजुर्ग महिला की शनिवार सुबह मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव ले जाने से मना कर दिया और हंगामा करने लगे। हालांकि पुलिस व चिकित्सक पहुंचे और परिजनों को समझाया। करीब दो घंटे बाद मामला शांत हुआ और परिजन शव लेकर घर चले गए।
कादीपुर के सोधनपुर गांव की उर्मिला ओझा (62) की तबीयत खराब होने पर बेटी बेबी ओझा ने शुक्रवार शाम साढ़े चार बजे मेडिकल काॅलेज में इलाज के लिए भर्ती कराया। बेटी बेबी का आरोप है कि रात में वह बार-बार डॉक्टर को बुलाने की मांग करती रहीं, चीखती रहीं, लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं सुनी। यदि डॉक्टर ने सही इलाज किया होता, तो उनकी मां की हालत सुधर सकती थी। यही कारण रहा कि शनिवार सुबह उनकी मौत हो गई।
इसके बाद परिजन आक्रोशित होकर हंगामा करने लगे। मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. आरके मिश्रा ने बताया कि मरीज को शुगर की समस्या थी, किडनी भी डैमेज थी। भर्ती होने के बाद से ही लगातार चिकित्सक इलाज कर रहे थे। परिजनों की ओर से चिकित्सकों पर लगाया गया लापरवाही का आरोप निराधार है।