कोतवाली देहात के लोहरामऊ के पास घटनास्थल के निकट खड़ा ट्रक। स्रोत-ग्रामीण
भदैंया। लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर मंगलवार दोपहर बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से वाराणसी के सिगरा, सिद्धिगिरी बाग निवासी बुजुर्ग मरीज विजय डींगरा (61) की मौत हो गई। वह लखनऊ से इलाज कराकर परिजनों के साथ घर जाने के लिए निकले थे। रास्ते में लोहरामऊ के पास एक ढाबे पर उनके घर के लोग नाश्ते के लिए रुके थे। तभी सड़क पार करते समय विजय ट्रक की चपेट में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना दोपहर करीब 02:30 बजे हुई। परिजनों ने बताया कि विजय डींगरा का इलाज लखनऊ के पीजीआई में चल रहा था। मंगलवार को परिजन उन्हें लेकर घर जाने के लिए निकले थे। कोतवाली देहात के लोहरामऊ स्थित एक ढाबे पर सभी लोग नाश्ते के लिए रुके थे। परिवार के सदस्य नाश्ता कर रहे थे, इसी बीच विजय डींगरा बाहर टहलने निकल गए। इस दौरान सड़क पार करते समय वह लखनऊ जा रहे कोयला लदे अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आ गए।
विजय डींगरा ट्रक में फंसकर 50 मीटर तक घिसटते रहे। कुछ दूरी पर ट्रक को सड़क के किनारे खड़ा कर चालक वहां से भाग निकला। गंभीर हालत में विजय डींगरा को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहां पर चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सीओ लंभुआ ऋतिक कपूर ने बताया कि ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।