दोस्तपुर (सुल्तानपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के खालिसपुर दुर्गागांव के पास रविवार देर शाम पिकअप की टक्कर से बाइक सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने पिकअप चालक व खलासी की पिटाई कर दी। इसके बाद पिकअप को आग के हवाले कर दिया।
जानकारी पर पहुंची पुलिस चालक व खलासी को दोस्तपुर सीएचसी ले गई। वहां से चालक को जिला अस्पताल अंबेडकरनगर रेफर कर दिया गया। परिजन शव लेकर घर चले गए। पुलिस गांव में देर रात तक तैनात रही। पोस्टमार्टम कराने के लिए परिजनों से पुलिस की बातचीत जारी रही।
दोस्तपुर थाना क्षेत्र के खालिसपुर दुर्गागांव निवासी महंथ सिंह (60) रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे बाइक से सब्जी लेने छीतेपट्टी बाजार जा रहे थे। गांव से कुछ दूर आगे बढ़ते ही अचानक एक पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। पिकअप की टक्कर से महंथ सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
दुर्घटना का पता चलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने पिकअप चालक व खलासी की जमकर धुनाई कर दी। इसके बाद पिकअप में आग लगा दी। दुर्घटना की जानकारी होने पर दोस्तपुर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस के पहुंचने के दौरान पहुंचे मृतक के परिजन शव को लेकर घर पर चले गए। पुलिस ने घायल चालक व खलासी को सीएचसी दोस्तपुर में भर्ती कराया है। वहां से पिकअप चालक रामचंद्र (30) निवासी ब्लॉक चौराहा थाना दोस्तपुर को चिकित्सकों ने अंबेडकरनगर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं खलासी आकाश सोनकर (20) निवासी छावनी थाना दोस्तपुर का इलाज चल रहा है।
दुर्घटना की जानकारी होने पर सीओ कादीपुर विनय गौतम सीएचसी दोस्तपुर पहुंचे। उन्होंने घायलों से हादसे के बारे में जानकारी ली। सीओ ने बताया कि अभी किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
मुखिया की मौत से लगा पत्नी व बेटे को सदमा
मृतक महंथ सिंह परिवार के मुखिया थे। उनकी सिर्फ इकलौती संतान शिवम (17) है। उनकी मौत से पत्नी सुमन व बेटे शिवम को गहरा सदमा लगा है।