सुल्तानपुर। 50 लाख रुपये से अधिक व अन्य योजनाओं की समीक्षा में आठ विभागों की सीएम डैश बोर्ड की रैंकिंग बी, सी व डी मिली है। इस पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करके जवाब-तलब किया है। अगले माह तक इसमें सुधार के निर्देश दिए हैं।
कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार रात डीएम ने विकास कार्यों व 50 लाख से अधिक लागत की निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा की। योजनाओं की समीक्षा में पर्यटन, बाल विकास एवं पुष्टाहार, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, जलजीवन मिशन सहित आठ विभागों की रैंक कम मिली। यूपीपीसीएल, उप्र सहकारी निर्माण संघ सहित कई कार्यदायी संस्थाओं के कार्य सुस्त मिले। डीएम ने संबंधित अधिकारियों से बड़ी परियोजनाओं के कार्य लटकने व मिली धनराशि की जानकारी ली। कार्य में सुस्ती पर नाराजगी जताई। सभी अधिकारियों को सुधार के लिए मौका दिया है। कहा कि पूरी परियोजनाओं को जल्द ही संबंधित विभागों को हस्तांतरित किया जाय। कार्य लटकाने एवं रैंकिंग में सुधार नहीं होने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी।