श्याम नगर मैदान में ट्रायल देते खिलाड़ी। स्रोत- संगठन
सुल्तानपुर। अयोध्या में 27 व 28 फरवरी को होने वाली यूपी एथलेटिक्स स्टेट चैंपियनशिप में खिलाड़ियों के चयन के लिए मंगलवार को पयागीपुर के पास श्यामनगर मैदान में जिला स्तरीय ट्रायल हुआ। इस दौरान 26 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें आठ प्रतिभागी चयनित हुए। प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में जगह मिलेगी।
जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन सचिव व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी डॉ. बाबादीन चौधरी के संयोजन में हुए एक दिवसीय ट्रायल का शुभारंभ पूर्व जिला युवा कल्याण अधिकारी आरबी पांडेय ने किया। विशिष्ट अतिथि जिला ओलंपिक संघ सचिव पंकज दुबे ने 800 मीटर बालक वर्ग की दौड़ कराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस 800 मीटर दौड़ में शिवम वर्मा प्रथम, राजू द्वितीय व मोहित यादव तीसरे स्थान पर रहे। 800 मीटर बालिका वर्ग में शगुन प्रथम, पायल मिश्रा द्वितीय स्थान पर रहीं।
3000 मीटर बालक वर्ग में उमेश प्रथम व बालिका वर्ग में प्रिया शुक्ला प्रथम, सपना यादव द्वितीय स्थान पर रहीं। गोला फेंक में यश शुक्ला प्रथम स्थान पर रहे। वहीं, 200 मीटर बालक वर्ग में अंश बौद्ध प्रथम व आकाश वर्मा द्वितीय स्थान पर रहे। चयनकर्ता महेश कुमार ने बताया कि चयनित खिलाड़ी दिनांक 27 व 28 फरवरी 2026 को अयोध्या में होने वाली प्रथम यूपी स्टेट चैंपियनशिप में प्रतिभाग करेंगे। यहां जीतने के बाद खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तरीय की प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का मौका मिलेगा। ट्रायल में सत्यवीर यादव, राकेश कुमार, अनिल यादव, अनुराग पांडेय, राधेश्याम, धर्मेंद्र कुमार, सुनील कुमार मौजूद रहे।