सुलतानपुर। क्षेत्र में सिंचाई खंड के अंतर्गत संचालित नरहरपुर-बभनगंवा माइनर में पिछले छह महीने से पानी नहीं पहुंच रहा है। प्रमुख सचिव से शिकायत के बाद मौके पर अधिकारी पहुंचे लेकिन पखवारा बीत जाने के बाद भी माइनर में पानी नहीं आया। पानी के अभाव में धान की सिंचाई नहीं हो पा रही है। इससे फसल सूखने के कगार पर है।
नरहरपुर-बभनगंवा माइनर के किनारे के गांवों के किसान पिछले छह महीने से पानी का इंतजार कर रहे हैं। माइनर में पानी नहीं पहुंचने से करीब 10 किलोमीटर लंबी नहर के रेंज में हजारों बीघे खेती किसानी प्रभावित है। इस समस्या की शिकायत ग्रामीणों ने प्रमुख सचिव से की थी।
तब पखवारे भर पहले सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की थी। अधिकारियों ने पांच दिन में जल स्तर बढ़ाकर माइनर के टेल तक पानी पहुंचाने का भरोसा दिलाया था।
मुरारपुर, महेशपुर, लोदीपुर, सांसापुर, बरुई, झौवारा, बभनगंवा, गौतमपुर, बेलामोहन, बेलासदा, टोड़रपुर गांव के किसानों के खेत तक पानी नहीं पहुंचने से धान की फसल अब सूखने की कगार पर है। अवर अभियंता मारकंडेय पाल ने बताया कि बड़ी नहर में पानी कम है। गेट खुला है। पानी बढ़ेगा तब पहुंचेगा।