सुल्तानपुर। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय कादीपुर में गंदगी व सीलन देख एडी बेसिक ने नाराजगी जताई। बीआरसी कादीपुर के प्रसाधन में गंदगी व कार्यालय में जाले लगे होने पर उन्होंने बीईओ को खरी-खोटी सुनाई। बीईओ की लापरवाही पर परियोजना को पत्र लिखने की बात एडी बेसिक ने कही है।
एडी बेसिक (अयोध्या मंडल) राम सागरपति त्रिपाठी बुधवार को औचक निरीक्षण करने कादीपुर पहुंचे। खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय का प्रसाधन गंदा मिलने और कार्यालय में जाले लगे होने पर उन्होंने खंड शिक्षाधिकारी सुनील कुमार यादव को खरी-खोटी सुनाई। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में भी एडी बेसिक को काफी अव्यवस्था मिली। भवन में सीलन की समस्या थी। छत पर घास जमी थी।
वाटर गीजर का सोलर पैनल टूटा हुुआ मिला। केजीबीवी के पीछे भी गंदगी का अंबार मिला। एडी बेसिक ने कहा कि डेंगू और मलेरिया के चल रहे प्रकोप के मद्देनजर इस तरह की लापरवाही कतई क्षम्य नहीं है। उन्होंने बीएसए को भी खंड शिक्षाधिकारी की लापरवाही से अवगत कराया और राज्य परियोजना निदेशालय को पत्र लिखने की बात कही।
बीआरसी व स्कूलों का किया निरीक्षण
मोतिगरपुर। सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक अयोध्या मंडल राम सागरपति त्रिपाठी बुधवार को मोतिगरपुर बीआरसी पहुंचे और कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने बीआरसी पर उपस्थित कर्मचारियों से क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में 19 पैरामीटर के साथ निपुण भारत मिशन के बारे में जानकारी ली। बीआरसी के बाद बगल में संचालित कंपोजिट विद्यालय मोतिगरपुर में एमडीएम, उपस्थिति रजिस्टर, प्रसाधन का निरीक्षण किया।
इसके बाद वे कक्षा तीन में बच्चों के पास पहुंचे, जहां शिक्षामित्र वंदना पांडेय बच्चों को गणित पढ़ा रही थीं। एडी बेसिक ने बच्चों से गणित के कई प्रश्नों को हल कराया, जिसे बच्चों ने हल किया। बच्चों से पुस्तकें भी पढ़ने को कहा। इसके बाद वे कंपोजिट विद्यालय छेदुवारी का निरीक्षण करने पहुंचे, जहां कक्षा एक, तीन व कक्षा छह और सात का निरीक्षण करने के साथ ही एमडीएम को चेक किया। साथ ही उपस्थिति रजिस्टर का निरीक्षण किया।
रजिस्टर में शिक्षामित्र पुष्पा वर्मा अनुपस्थित थीं। अन्य सभी शिक्षक व कर्मी उपस्थित पाए गए। यहां भी उन्होंने बच्चों से कई तरह के प्रश्न पूछे। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षक निपुण भारत का लक्ष्य पूर्ण कर बच्चों के शिक्षा की गुणवत्ता मजबूत करें। यह शिक्षकों की अहम जिम्मेदारी है। एडी बेसिक ने कादीपुर स्थित केजीबीवी का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बालिकाओं की आवासीय व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।