गौरीगंज। जिले की तीन अस्पतालों में जल्द ही स्वास्थ्य सुविधाओं की बढ़ोतरी होगी। कवायद के तहत चयनित अस्पतालों में ईसीजी, अल्ट्रासाउंड मशीनों के साथ जनरेटर की स्थापना कराई जाएगी। उपकरणों की खरीद के लिए एचएएल ने अपने सीआरएस फंड से स्वास्थ्य विभाग को 50 लाख रुपये देने की स्वीकृति की है।
सीएमओ डॉ. आरएम श्रीवास्तव की पहल पर मुंशीगंज में संचालित हिंदुस्तान एरोनाटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने सीआरएस फंड से 50 लाख रुपये स्वास्थ्य सुविधाओं में बढ़ोतरी पर खर्च करने की सहमति दी है।
एचएएल की सहमति पर सीएमओ ने नौ अगस्त को महाप्रबंधक मेडिकल सप्लाई कॉर्पोरेशन को पत्र भेजकर उपकरणों की खरीद के लिए स्वीकृति मांगी है।
सीएमओ ने बताया कि संयुक्त जिला अस्पताल में एक अल्ट्रासाउंड व एक ईसीजी मशीन, सीएचसी अमेठी में एक ईसीजी मशीन व एक 62.5 केवीए का जनरेटर, सीएचसी जगदीशपुर में एक अल्ट्रासाउंड मशीन तथा एक 62.5 केवीए का जनरेटर खरीदा जाएगा।
कहा कि एचएएल इन उपकरणों पर आने वाली लागत का पूरा भुगतान करेगा। खरीद के लिए विभाग से अनुमति के लिए पत्र भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही उपकरणों की खरीद कराई जाएगी।
सीएमओ ने बताया कि इन अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड व ईसीजी मशीन लगने से जहां उस क्षेत्र के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराई जा सकेगी वहीं जनरेटर लगने से जीवन रक्षक दवाओं का सही रखरखाव हो सकेगा। शासन स्तर से भी स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर स्वास्थ्य सुविधाओं में बढ़ोतरी की जा रही है।