पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम में वॉलीबॉल खेलतीं बालिकाएं। स्रोत- स्टेडियम
सुल्तानपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता में रविवार को महिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप का खिताब डीवीए (डिस्ट्रिक्ट वॉलीबॉल एसोसिएशन) ने जीत लिया। फाइनल में डीवीए ने स्टेडियम की टीम को 2-1 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। मुकाबले में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
खेल निदेशालय की ओर से आयोजित प्रतियोगिता के दूसरे दिन रविवार को महिला वॉलीबॉल के मुकाबले हुए। इसमें आठ टीमों ने हिस्सा लिया। पहले सेमीफाइनल में स्टेडियम की टीम ने केशकुमारी को 2-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में डीवीए ने जूनियर नरायनपुर को 2-1 से मात दी।
फाइनल में डीवीए और स्टेडियम की टीमें आमने-सामने थीं। डीवीए ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए 2-1 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया। डीवीए की काजल, अंशिका, कशिश और प्रिया ने प्रभावी खेल दिखाया। स्टेडियम टीम की साजिया बानो, वैष्णवी दुबे, आद्या तिवारी और स्तुति सिंह ने भी शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह में भाजपा उपाध्यक्ष रामेंद्र सिंह राणा ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस दौरान अगस्त में दिवंगत हुए पूर्व राष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी गंगा शरण मिश्रा और वेद प्रकाश उपाध्याय को श्रद्धांजलि भी दी गई। कार्यक्रम में वॉलीबॉल संघ सचिव एसएन सिंह समेत प्रशिक्षक और खिलाड़ी मौजूद रहे।डीवीए की अंशिका को प्रतियोगिता की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। निर्णायक मंडल में प्रदीप यादव, जानशी सिंह, राणा यादव, साक्षी कसौधन, रागिनी मिश्रा और जीशान इरशाद खान शामिल रहे।