सुल्तानपुर। सांसद निधि से कराए गए कार्यों का सत्यापन करने पहुंची टीम को कुछ जगहों पर ताला बंद मिला। इसकी वजह से कार्यों का सत्यापन नहीं हो सका।
टीम ने अन्य 15 कार्यों का सत्यापन किया। केंद्र सरकार के निर्देश पर मंगलवार को पहुंची टीम ने सांसद निधि से कराए गए कार्यों का सत्यापन शुरू कर दिया है। बृहस्पतिवार को टीम को कूरेभार व बल्दीराय के पारा के सामुदायिक भवन में ताला बंद मिला। गोहानी के गोपाल बाबा धाम व टाटियानगर में ग्रामीण अभियंंत्रण विभाग से कराया गया कार्य गुणवत्ताविहीन मिला।
कुड़वार के मझना में सामुदायिक भवन, कूरेभार के धरमदासपुर में भवन निर्माण, श्रवणदास कुटी के पास नदी के लिए सीढ़ी और बल्दीराय के बीहीनिदूरा में बनाया गया सामुदायिक भवन का काम ठीक पाया गया। केंद्रीय टीम के सदस्य विकास कुमार और प्रशांत शर्मा ने कार्यों का फीड बैक लिया। ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि सांसद निधि से कराए गए 50 कार्यों का केंद्रीय टीम सत्यापन करेगी।