सुल्तानपुर। लोहरामऊ का दुर्गा देवी मंदिर और बल्दीराय के साईंधाम समेत पांच स्थल पर्यटन के लिए विकसित किए जाएंगे। मुख्य विकास अधिकारी ने पांचों स्थलों की सूची पर्यटन निदेशक को भेज दी है। स्वीकृति के साथ धनराशि मिलने पर धार्मिक स्थलों को विकसित किया जाएगा।
पर्यटन निदेशक ईशा प्रिया ने ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों को चिह्नित करते हुए सूची मांगी थी। निदेशक के निर्देश पर पर्यटन के प्रभारी व जिला सूचना अधिकारी डॉ. धीरेंद्र कुमार यादव ने पड़ताल कराई। लोगों की मांग व आस्था को देखते हुए जिला सूचना अधिकारी के प्रस्ताव पर सीडीओ ने अपनी सहमति देते हुए पांच स्थलों की सूची पर्यटन महानिदेशक को भेज दी है। सीडीओ की संस्तुति के बाद पांच धार्मिक स्थलों के पर्यटन के रूप में विकसित होने की संभावना बढ़ गई है।
इन स्थलों का होगा विकास
मुख्य विकास अधिकारी ने जिला सूचना अधिकारी के प्रस्ताव पर दूबेपुर के लोहरामऊ दुर्गा देवी मंदिर, बल्दीराय विकास खंड के डीह ग्राम पंचायत में पड़ने वाले सुग्रीव सरोवर, बड़ेवीरन धाम, शिवराजपुर शिव मंदिर मठ एवं साईंधाम की संस्तुति करते हुए पर्यटन निदेशालय भेजा है। इसमें लोहरामऊ को सुल्तानपुर-वाराणसी हाईवे व बल्दीराय के चारों स्थलों को रायबरेली-अयोध्या हाईवे के किनारे होने से पर्यटन विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया है।
भेजा गया है प्रस्ताव
प्रस्ताव पर्यटन निदेशालय भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद स्थलों को विकसित कराया जाएगा। -डाॅ. धीरेंद्र कुमार, प्रभारी पर्यटन अधिकारी