सुल्तानपुर। जिला अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार को देखने जा रहे बाइक सवार शिक्षक को तेज रफ्तार डंपर ने रौंद दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
अयोध्या जिले के थाना हैदरगज सिही गांव निवासी राहुल यादव (29) पुत्र श्यामल यादव बाइक से बुधवार की रात सुल्तानपुर जिला अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार को देखने जा रहे थे। वे कूरेभार थाना क्षेत्र के बरोला गांव के निकट पहुंचे ही थे कि तेज रफ्तार डंपर ने रौंद दिया।
दुर्घटना में राहुल की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने वाहन स्वामी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि मृतक राहुल राजा अखंड प्रताप डिग्री कॉलेज खपराडीह में गणित/विज्ञान विषय के प्रवक्ता थे। मौत की सूचना के बाद पहुंचे परिवारीजनों ने बताया कि राहुल की शादी एक वर्ष पूर्व हुई थी। सड़क हादसे में हुई पति की मौत की खबर सुनकर पत्नी रंजना यादव का बुरा हाल हो गया है। गांव में मातम पसरा है।