सेमरी बाजार (सुल्तानपुर)। जयसिंहपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरी में शुक्रवार सुबह एएनएम के पति ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि उसने पीएचसी में तोड़फोड़ और स्टाफ के साथ गाली गलौज की। चिकित्सक की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पीएचसी में तैनात डॉ. गौरव गुप्ता के मुताबिक जयसिंहपुर के सराय नौरंग बिरसिंहपुर निवासी एएनएम सीमा का पति शिवम सुबह करीब 11:00 बजे नशे की हालत में अस्पताल में घुस आया। उसने लैब असिस्टेंट जितेंद्र राव, स्वीपर इलियास, आशा कार्यकर्ता पूनम, रिंका, रानी सहित अन्य स्टाफ और मरीजों से गाली गलौज की। उसने अस्पताल की सरकारी संपत्तियों को नुकसान भी पहुंचाया।
डॉ. गुप्ता ने बताया कि आरोपी पहले भी कई बार इस तरह की हरकतें कर चुका है। उसे चेतावनी भी दी गई, पर वह नहीं माना। कोतवाल सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।