बल्दीराय (सुल्तानपुर)। चार सौ रुपये न मिलने से नाराज एक एंबुलेंस चालक ने रास्ते में ही एक घंटे वाहन को रोक दिया। परिवारीजनों की मान मनौव्वल के बाद उसने युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ ने संबंधित चालक को नोटिस जारी किया है जबकि एंबुलेंस संचालक कंपनी ने आरोपी चालक को बर्खास्त कर दिया है।
बल्दीराय क्षेत्र के गौरा बारामऊ निवासी दिनेश के बड़े भाई रिंकू (25) की सोमवार को तबीयत बिगड़ गई थी। दिनेश ने बड़े भाई को अस्पताल ले जाने के लिए 108 एंबुलेंस को फोन किया था। करीब 30 मिनट बाद मौके पर पहुंची एंबुलेंस से परिवारीजन रिंकू को लेकर जिला अस्पताल जा रहे थे।
दिनेश का आरोप है कि करीब चार किलोमीटर जाने के बाद पारा बाजार के पास 108 के चालक सर्वेश ने वाहन रोक दिया और चार सौ रुपयेे की मांग की। दिनेश ने रुपये देने में जब असमर्थता जताई तो चालक ने रास्ते में ही करीब एक घंटे तक एंबुलेंस को रोके रखा।
दिनेश ने किसी तरह से दो सौ रुपये सर्वेश को दिया जब रिंकू को अस्पताल पहुंचाया गया था। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने रिंकू को मृत घोषित कर दिया था। पूरे मामले को सीएमओ डॉ. डीके त्रिपाठी ने गंभीरता से लेते हुए संबंधित एंबुलेंस चालक को नोटिस जारी करते हुए जवाब मांगा है। उधर, 108 सेवा की एंबुलेंस संचालक कंपनी ने आरोपी चालक सर्वेश को बर्खास्त कर दिया है।