भदैंया के मिश्रपुर पुरैना गांव में जांच करने पहुंचे डीपीआरओ। -संवाद
भदैंया। ग्रामीणों की शिकायत पर बृहस्पतिवार को डीपीआरओ अभिषेक शुक्ल मिश्रपुर पुरैना गांव पहुंचे। उन्होंने गांव में निर्माणाधीन अंत्येष्टि स्थल का जायजा लिया। ग्रामीण अंत्येष्टि स्थल आबादी से दूर बनाने की मांग कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने बुधवार को जिलाधिकारी कुमार हर्ष से मुलाकात की थी। ग्रामीणों का आरोप है कि प्राथमिक विद्यालय व पंचायत भवन के बीच बनाए जा रहे अंत्येष्टि स्थल से लोगों को परेशानी होगी। जिलाधिकारी ने डीपीआरओ को मामले की जांच के निर्देश दिए थे। गांव के वीरेंद्र मिश्र, नन्हे मिश्र, अनिल कुमार, जयप्रकाश, गोलू आदि ने डीपीआरओ को लोगों की दिक्कतों से अवगत कराया। डीपीआरओ ने ग्राम प्रधान से इस संबंध में बात की। डीपीआरओ अभिषेक शुक्ल ने बताया कि जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को दी जाएगी। संवाद