सुल्तानपुर। प्रदेश सरकार ने पहली जून को जारी आदेश में कहा है कि एक ही दुकान पर तंबाकू एवं पान मसाला की बिक्री नहीं हो सकती है। सरकार के इस आदेश का पालन करने के लिए तीन महीने का समय मांगते हुए बुधवार को व्यापारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री रवींद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में पान मसाला एवं जर्दा व्यापारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट प्रवीन सिंह को सौंपे ज्ञापन के जरिये कहा है कि तंबाकू एवं पान मसाला की बिक्री एक साथ न हो, इसका तुरंत पालन करने में समस्या आ रही है।
कहा कि तंबाकू के सेवन को रोकने के लिए कड़ा नियम बनाया जाए, यह समाज के हित में है। ऐसे नियम न बनाएं जाए जिससे व्यापारियों का उत्पीड़न शुरू हो जाए। सरकार के इस आदेश से तंबाकू का सेवन तो नहीं रुकेगा लेकिन व्यापारियों का उत्पीड़न शुरू हो जाएगा। इस मौके पर प्रदेश संगठन मंत्री अनूप श्रीवास्तव, पान मसाला जर्दा एवं किराना व्यापार मंडल अध्यक्ष दानिश एजाज, अखिलेश गुप्ता, शकील अहमद, रत्नेश कुमार, अनुराग दुबे, आनंद कुमार चौरसिया, मनीष कसौधन व डिंपल अग्रहरि मौजूद रहे।