सुल्तानपुर। मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने स्तन कैंसर की सर्जरी कर 70 वर्षीय वृद्धा की जान बचाई। तीन महीने से वह बाएं स्तन में गांठ की समस्या से जूझ रही थीं। अभी एक हफ्ते पहले ही परिजन उनके इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज की ओपीडी पहुंचे थे।
सर्जन डॉ. मनीष ने उनका इलाज शुरू किया। उन्होंने महिला की जांच कराई तो कैंसर की पुष्टि हुई। उम्र को देखते हुए सर्जरी करना डॉक्टरों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण था। महिला का वजन भी लगातार कम हो रहा था, ऐसे में जल्द ऑपरेशन करना बेहद जरूरी था।
असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मनीष कुमार ने परिजनों की सहमति लेकर मेडिकल कॉलेज में ही ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। उन्होंने सीनियर रेजीडेंट डॉ. निखिल मिश्रा, डॉ. पीयूष कुमार सिंह, निश्चेतक डॉ. मनीष सिंह, सिस्टर इंचार्ज प्रेमलता व नसीमा के साथ मिलकर सर्जरी की, जो सफल रही।
महिला की हालत में अब काफी सुधार बताया जा रहा है। प्राचार्य डॉ. सलिल श्रीवास्तव ने सर्जरी करने वाली टीम को सफलता के लिए बधाई दी और कहा कि ऐसी जटिल सर्जरी से मरीजों का विश्वास मेडिकल कॉलेज के प्रति बढ़ेगा। मेडिकल कॉलेज में स्तन कैंसर का यह पहला ऑपरेशन था।