सीएचसी भदैंया पर बृहस्पतिवार की रात चिकित्सकों के साथ ही करीब 50 लोगों ने बाटी-चोखा की दावत उड़ाई। बाकायदा औषधि कक्ष में जूठीं प्लेटे और सलाद पाए गए। ये सब कुछ सीएचसी प्रभारी के नामौजूदगी में हुआ। शुक्रवार को मामले की सूचना पाते ही सीएचसी पहुंचे प्रभारी ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के भदैंया सीएचसी पर बृहस्पतिवार की रात दावत का आयोजन किया गया था। सीएचसी पर तैनात एचवीओ संगमलाल ने दावत की कमान अपने जिम्मे ली थी। रात में सीएचसी के कमरों में बाटी चोखा बनाया गया। दावत में सीएचसी पर तैनात चिकित्सक, जिला मुख्यालय से पहुंचे फार्मासिस्ट व अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के साथ ही पखरौली, बेलामोहन और भदैंया गांव के कुछ लोग शामिल हुए।
शुक्रवार की सुबह स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना सीएचसी प्रभारी भदैंया एपी त्रिपाठी को दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएचसी प्रभारी पहुंचे तो औषधि कक्ष में प्लेट, सलाद और वे बर्तन मिले, जिनमें खाना बनाया गया था।
सीएचसी प्रभारी डॉ. एपी त्रिपाठी ने बताया कि सीएचसी भदैंया पर बृहस्पतिवार की रात कुछ जरूर हुआ है। उनके पास दूबेपुर और भदैंया सीएचसी का प्रभार है। वे बृहस्पतिवार को दूबेपुर सीएचसी ड्यूटी पर गए थे। उनकी गैर मौजूदगी में सीएचसी पर दावत बेहद गंभीर मामला है। जांच कर कार्रवाई होगी।