सुल्तानपुर। ऑनलाइन निवेश में अधिक मुनाफे का लालच देकर साइबर ठगों ने कूरेभार के एक चिकित्सक से ठगी की। ठगों की ओर से लगातार अतिरिक्त धनराशि की मांग किए जाने पर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। शिकायत के बाद कूरेभार पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क ने कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते में 46,380 रुपये वापस कराए।
कूरेभार के गुप्तारगंज निवासी डॉ. अंकित कुमार ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। बताया कि साइबर ठगों ने अधिक मुनाफे का लालच देकर उनसे ऑनलाइन निवेश कराया था। इसके बाद निवेश के नाम पर लगातार और रकम जमा करने का दबाव बनाया जा रहा था। कूरेभार थाने के प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि साइबर हेल्प डेस्क ने संबंधित बैंक खातों को फ्रीज कराने की कार्रवाई की। (संवाद)