लंभुआ। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बंद कमरे में तीन लोगों के साथ चिकित्सक का ताश खेलते वीडियो वायरल हो रहा है। तीन दिन पहले भी ऐसे ही एक वीडियो को लेकर जनप्रतिनिधियों से कुछ लोगों ने शिकायत की थी। उधर, चिकित्सा अधीक्षक ने संबंधित चिकित्सक से स्पष्टीकरण मांगा है।
लंभुआ सीएचसी से संबद्ध प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव में डॉ. राम सजीवन तैनात हैं। इनकी ड्यूटी लंभुआ सीएचसी में भी लगती है। दो दिन पूर्व रात में डॉ. राम सजीवन अस्पताल में मौजूद थे और सुबह अन्य कर्मियों के साथ ताश खेलते हुए उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि अमर उजाला नहीं करता है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल सिंह ने कहा कि मामला संज्ञान में है। डॉक्टर से स्पष्टीकरण मांगा गया है। उन्हें सीएमओ ऑफिस बुलाया गया था। मामला उच्चाधिकारियों के भी संज्ञान में है।