दिक्कत बायें पैर में थी। डॉक्टर ने ऑपरेशन दायें पैर का कर दिया। पता चला तो दूसरे का भी किया कर दिया। बुजुर्ग महिला दोनों पैर से चलने में असमर्थ हो गई है।
यूपी के सुल्तानपुर में गोलाघाट स्थित एक हॉस्पिटल में एक बुजुर्ग महिला के बायें पैर की जगह दाहिने पैर का ऑपरेशन करने का मामला प्रकाश में आया है। शिकायत करने पर चिकित्सक ने बाद में बायें पैर का ऑपरेशन किया। अब बुजुर्ग महिला दोनों पैरों से चलने में असमर्थ हो गई है। उनके पुत्र ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कोतवाली नगर में तहरीर दी है।
प्रतापगढ़ जिले के कंधई हनुमानगंज निवासी गनेश कुमार प्रजापति के मुताबिक उनकी मां भुलइया देवी बायें पैर में चोट लगने से चलने-फिरने में असमर्थ थीं। उन्हें गोलाघाट स्थित एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। वहां 26 दिसंबर को उनके बायें पैर का ऑपरेशन करने के लिए डॉक्टर उन्हें ऑपरेशन थियेटर में ले गए।
चलने-फिरने में असमर्थ
ऑपरेशन के बाद जब उन्हें बाहर निकाला गया तो पता चला कि चिकित्सक ने दाहिने पैर का ऑपरेशन कर दिया। इसका विरोध करने पर उनकी मां को दोबारा से ऑपरेशन थियेटर ले जाया गया। जहां पर उनके बायें पैर का भी आपरेशन कर दिया गया। अब उनकी मां चलने-फिरने में असमर्थ हैं। पीड़ित ने आरोपी चिकित्सक के खिलाफ कोतवाली नगर में तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक नारदमुनि सिंह ने बताया कि अभी उन्हें तहरीर नहीं मिली है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।