सुल्तानपुर। सावन में यदि गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक करना है तो इसे डाकघरों से आसानी से प्राप्त किया जा सकता है। जिले के सभी उपडाकघरों पर गंगोत्री का गंगाजल पहुंचाया गया है। यह गंगाजल बेहद कम कीमत में श्रद्धालुओं को दिया जा रहा है। हर सोमवार को इसकी बिक्री का अलग से स्टॉल भी लगाया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों को इसकी विशेष जिम्मेदारी भी दी गई है।
सावन के महीने में भक्ताें की इच्छा होती है कि वह ऋषिकेश या गंगोत्री के गंगाजल से महादेव का जलाभिषेक करें। इसके लिए लोग दूरदराज की यात्रा भी करते हैं। सावन के पहले सोमवार से ही डाकघरों पर गंगोेत्री का गंगाजल बिक्री के लिए आ गया था। वैसे तो इस माह के सामान्य दिनों में भी जलाभिषेक करने के लिए गंगाजल की व्यवस्था डाकघराें पर की गई है, लेकिन सोमवार को विशेष स्टाॅल लगाने की व्यवस्था भी की गई है।
डाक विभाग ने अपने 26 उपडाकघरों में गंगोत्री का शुद्ध गंगाजल 30 रुपये में उपलब्ध कराया है। गंगाजल 250 मिली. की बोेतल में श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराया जा रहा है। पोस्ट मास्टर ज्ञानप्रकाश ने बताया कि भक्त डाकघर से गंगाजल की खरीदारी कर आसानी से महादेव का जलाभिषेक कर सकते हैं। ग्रामीण क्षेत्र के उपडाकघरों में भी यह बिक्री के लिए रखा गया है।
अब तक बिक चुका है 250 लीटर गंगाजल
जिले के 26 उपडाकघरों पर अब तक 1000 बोतल गंगाजल बिक चुका है। प्रत्येक उपडाकघर की मांग के अनुरूप 10-10 बोतलोें की आपूर्ति दी जा रही है। श्रावण मास लगने के बाद से अभी तक करीब 250 लीटर गंगाजल की बिक्री हो चुकी है। गंगाजल की एक हजार नई बोतलों के लिए भी ऑर्डर दिया जा चुका है, जो एक-दो दिनाें में डाकघरों तक पहुंचा दी जाएंगी।