सुल्तानपुर। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय का बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी ने संयुक्त रूप से आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय जिला विद्यालय निरीक्षक अपने कार्यालय में उपस्थित मिले।
डीआईओएस कार्यालय का निरीक्षण करने पहुंचे डीएम रवीश गुप्ता व सीडीओ अतुल वत्स ने पहले उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया। कार्यालय में कुल 16 कर्मचारी कार्यरत हैं। उपस्थिति पंजिका में कई कर्मचारियों ने हस्ताक्षर नहीं बनाए थे। जिला विद्यालय निरीक्षक जेपी यादव ने बताया कि दो कर्मचारी हस्ताक्षर करने के बाद लेखा कार्यालय केशकुमारी बालिका इंटर कॉलेज में ड्यूटी पर चले जाते है। एक कर्मचारी मेडिकल अवकाश पर था लेकिन उसका अंकन उपस्थिति पंजिका में नहीं किया गया था।
जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिया कि प्रतिदिन उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया करें। जो भी कर्मचारी अवकाश/ड्यूटी पर हो उसका अंकन उपस्थिति पंजिका में उसी दिन समय से करना सुनिश्चित करें। डीएम के निरीक्षण के समय वरिष्ठ सहायक जितेंद्र मिश्र टी-शर्ट पहने मिले।
इसे कर्मचारी आचरण नियमावली के विरुद्ध पाए जाने पर डीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि जितेंद्र को चेतावनी जारी करें कि भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति न हो अन्यथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि कार्यालय परिषदीय भवन में चलता है। नया जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय निर्माणाधीन है। परिसर में साफ-सफाई का अभाव पाया गया। डीएम ने साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिए जाने के निर्देश दिए।