डीएम के आदेश व एनएच-56 के लिए अधिग्रहीत भूमि का मुआवजा वितरित करने में लापरवाही रजिस्ट्रार कानूनगो मुसाफिरखाना को भारी पड़ गई। शनिवार को जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायत व पूर्व में जारी आदेश के बावजूद राशि वितरण नहीं करने की जानकारी मिलने से नाराज डीएम ने रजिस्ट्रार कानूनगो को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का आदेश जारी करते हुए एसडीएम को सभी के खातों में मुआवजा राशि ट्रांसफर करने का निर्देश दिया है।
मुसाफिरखाना तहसील क्षेत्र के गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-56 के लिए अधिग्रहीत भूमि का मुआवजा किसानों में वितरित नहीं करना व डीएम के आदेश का पालन नहीं करना, रजिस्ट्रार कानूनगो हरिहर प्रसाद को भारी पड़ गया। शनिवार को जनसुवाई के दौरान रविशंकर पांडेय व विनोद शंकर पांडेय ने जिलाधिकारी चंद्रकांत पांडेय को शिकायती पत्र सौंप रजिस्ट्रार कानूनगो पर डीएम व एडीएम के आदेश के बावजूद मुआवजा राशि नहीं देने व किसानों को परेशान करने का आरोप लगाया।
आदेश के बावजूद मुआवजा राशि नहीं देने व किसानों को परेशान करने की शिकायत से नाराज डीएम ने मुसाफिरखाना एसडीएम डॉ. वेद प्रकाश मिश्र को तत्काल रजिस्ट्रार कानूनगो को प्रतिकूल प्रविष्टि देने व एनएच-56 के लिए अधिग्रहीत भूमि का मुआवजा किसानों को वितरित कराने के साथ ही उन्हें अवगत कराने का निर्देश दिया। डीएम के आदेश से मुसाफिरखाना तहसील में हड़कंप मचा है।