सुल्तानपुर। लोकसभा चुनाव की चार जून को होने वाली मतगणना को लेकर शनिवार शाम डीएम ने गणना स्थल मंडी परिषद का जायजा लिया। उन्होंने पांचों विधानसभा क्षेत्रों के गणना परिसर का निरीक्षण करते हुए गणना पर्यवेक्षकों के बैठने, एजेंटों के खड़े होने समेत सुरक्षा व खानपान की व्यवस्था की जानकारी ली।
साथ ही गणना परिसर में एजेंटों, कार्मिकों के प्रवेश के लिए बनाए गए गेट के साथ स्ट्रांग रूम का जायजा लिया। स्ट्रांग रूम से गणना परिसर तक ईवीएम ले जाने व उसकी सुरक्षा की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। इस मौके पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव शुक्ल समेत अन्य मौजूद रहे।