सुल्तानपुर। बरौंसा क्षेत्र के एक संस्थान के वर्ष 2018 व 2019 के डीएलएड बैच के प्रशिक्षुओं ने प्रमाण पत्र में प्रयोगात्मक परीक्षा का अंक नहीं जोड़े जाने को लेकर डायट में प्रदर्शन किया। प्रशिक्षुओं ने ज्ञापन देते हुए भविष्य पर संकट का आरोप लगाया। प्रधानाचार्य समेत अन्य अधिकारियों को भेजे ज्ञापन में गलती को ठीक कराने की मांग की।
बरौंसा क्षेत्र में स्थित एक निजी संस्थान में डीएलएड का प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले करीब दो दर्जन प्रशिक्षुओं ने वर्ष 2018 व वर्ष 2019 के द्वितीय, तृतीय व चतुर्थ सेमेस्टर के प्रयोगात्मक परीक्षा का अंक प्रमाण पत्र में नहीं जोड़े जाने का आरोप लगाया है।
प्रशिक्षुओं ने डायट में बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किया। प्रधानाचार्य को संबोधित ज्ञापन देते हुए प्रशिक्षुओं ने कहा कि प्रयोगात्मक परीक्षा का अंक नहीं जुड़ने से कई लोग फेल कर दिए गए। प्रशिक्षुओं ने कहा कि यदि प्रयोगात्मक परीक्षा का अंक नहीं जोड़ा गया तो वे शिक्षक भर्ती परीक्षा में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।
प्रशिक्षुओं का कहना है कि उनकी ओर से कोई गलती नहीं की गई है। प्रशिक्षुओं ने त्रुटियों को सुधारते हुए दोबारा संशोधित प्रमाण पत्र जारी कराने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में नीलम, ज्ञानमती, पुष्पा, संध्या, मिथिलेश, आशुतोष पांडेय, जयप्रकाश, अभिषेक, रजनीश यादव समेत कई प्रशिक्षु शामिल रहे।