दिवाली पर जलने के लिए सज गए मिट्टी के दीये। संवाद
सुल्तानपुर। दीपोत्सव की रौनक बाजारों में दिखने लगी है। पांच दिवसीय त्योहार की शुरुआत शुक्रवार से होगी। इससे पहले ही शहर के प्रमुख बाजारों में दुकानदारों ने अपनी दुकानें आकर्षक ढंग से सजा दी हैं। धनतेरस पर बर्तन खरीदने की परंपरा के चलते ठठेरी बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने लगी है। चौक, लखनऊ नाका और पंचरास्ता में इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ों, गिफ्ट और पूजन सामग्री की दुकानों पर ग्राहकों को लुभाने के लिए आकर्षक ऑफर दिए जा रहे हैं।
बर्तन कारोबारी अनिल कुमार ने बताया कि स्टील के बर्तन 200 से 210 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रहे हैं। पीतल के बर्तनों की कीमत पिछले साल 800 से 900 रुपये प्रति किलोग्राम थी, जो इस बार बढ़कर 1000 से 1200 रुपये हो गई है। एल्युमिनियम 400 रुपये और तांबा करीब 1600 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रहा है। बर्तन विक्रेता शिवम कसौधन ने कहा कि ऑनलाइन खरीदारी से छोटे व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। सरकार को इस ओर ध्यान देना चाहिए।
रुद्र नगर स्थित कपड़ा शोरूम के व्यापारी सनी अग्रवाल ने बताया कि करवा चौथ से साड़ियों की बिक्री में तेजी आई है। सहालग शुरू होने पर बिक्री और बढ़ने की उम्मीद है।
मिट्टी के दीये और कृत्रिम फूलों से सजे बाजार
दिवाली को लेकर डाकखाना और शाहगंज चौराहे, चौक व सब्जी मंडी के पास अस्थायी दुकानें सज गई हैं। यहां मिट्टी के दीये और पूजन सामग्री बिक रही है। मुरारीदास गली और डाकखाना चौराहे पर कृत्रिम फूलों की लड़ियों की दुकानें भी सज गई हैं।
धनतेरस से भाई दूज तक त्योहारों का क्रम
कथा प्रवाचक बृजेशाचार्य महाराज ने बताया कि धनतेरस का पूजन मुहूर्त शाम 5:45 से 7:42 बजे तक है। खरीदारी के लिए दोपहर 12 बजे के बाद देर रात तक शुभ समय रहेगा। सात नवंबर को हनुमान जयंती और छोटी दिवाली, आठ को दिवाली, नौ को गोवर्धन पूजा और 10 नवंबर को भाई दूज मनाई जाएगी। दिवाली पर लक्ष्मी-गणेश पूजन के मुहूर्त दोपहर 1 से 2:31 बजे, प्रदोष काल में शाम 5:37 से रात 8:37 बजे और सिंह लग्न में रात 12:05 से 2:19 बजे तक हैं।