सुल्तानपुर। महाशिवरात्रि पर्व रविवार को मनाया जाएगा। इसके लिए अखंडनगर स्थित श्री भुवनेश्वर नाथ महादेव मंदिर, शिवधाम बेलवाई में मंदिर परिसर के बाहर मेले में भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने शनिवार शाम आठ बजे से रविवार रात 12 बजे तक (भीड़ समाप्ति तक) भारी व मध्यम वाहनों का डायवर्जन लागू किया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शनिवार को अकबरपुर से आने वाले भारी व मध्यम वाहनों को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के भेलहरा कट से डायवर्ट किया जाएगा। शाहगंज की ओर से आने वाले वाहनों को कलान चौराहे से आजमगढ़ व दोस्तपुर मार्ग की ओर भेजा जाएगा। भेलहरा से कलान रोड पर मेले का आयोजन होने से सभी हल्के वाहनों को बेलवाई-माधवपुर से दाहिनी ओर स्थित बाईपास मार्ग से नहर मार्ग के जरिये कलान चौराहे की ओर भेजा जाएगा। वहीं, कलान चौराहे से भेलहरा की ओर जाने वाले हल्के वाहन बेलवाई से दाहिनी ओर नहर मार्ग होते हुए भेलहरा पहुंचेंगे। पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है।