दीपावली पर्व के एक दिन पहले बुधवार को बाजार में खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। झालर, मिट्टी के दीप, लाई-चूरा, मिष्ठान, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक समेत अन्य दुकानों पर खरीददारी करने वालों का दिन भर तांता लगा रहा। दूसरी बेला में चौक इलाके में खरीदारों की भीड़ लग गई। सड़क की पटरियों से लेकर दुकानों के भीतर हर तरफ दीपावली के मेले की भीड़ नजर आई। देर शाम लोगाें के घर रंग-बिरंगी झालर, लाइटें व मोमबत्तियों की रोशनी से जगमगा गए।
बुधवार को दीपावली के एक दिन पूर्व बाजार में खरीदारों की भीड़ रही। शहर के चौक, ठठेरी बाजार, शाहगंज चौराहा समेत अन्य इलाकों में खरीदारों की सर्वाधिक भीड़ देखी गई। जगह-जगह सजे लाई-चूरा, मिठाई, खिलौने, गट्टे आदि की जमकर खरीदारी हुई। साथ ही गणेश-लक्ष्मी की छोटी-बड़ी मूर्तियां, कपड़े आदि की दुकानों पर भी दिन भर भीड़-भाड़ रही। सर्वाधिक भीड़ मिष्ठान की दुकानों पर उमड़ी।
मिष्ठान की दुकानें सड़कों की पटरियों तक टेंट लगाकर बढ़ाई गई हैं। तरह-तरह के मिष्ठान की लोगों ने जमकर खरीदारी की। ज्यादातर सूखी मिठाइयां ही पसंद की गई। देर शाम लोगों के घर रोशनी से नहा उठे। रंग-बिरंगी झालरें व टिमटिमाती मोमबत्तियां शहर में एक दिन पूर्व ही दीपावली सा नजारा दिख रहा था।
दीपावली त्योहार को लेकर ग्रामीण इलाकों में भी लाई-चूरा, मिट्टी के दीपक व रेडीमेड मिठाई की दुकानें सजाई गई हैं। गांव-गिरांव के लोग चौराहों के पास लगाई गई दुकानों पर जाकर दीपावली की खरीद कर रहे हैं। कस्बा व गांव के चौराहों पर दुकान सजाए लोगों की खूब बिक्री हो रही है। कादीपुर, करौंदीकलां, दोस्तपुर, जयसिंहपुर, कूरेभार, लंभुआ, कुड़वार, दूबेपुर समेत अन्य ब्लॉक क्षेत्र के लोग चौराहे के नुक्कड़ पर सजी दुकानों में लाई-चूरा व मिठाई की खरीद कर रहे हैं।