भीषण गर्मी में संक्रामक बीमारियों ने पांव पसार लिए हैं। जिला अस्पताल से लेकर सीएचसी-पीएचसी तक में डायरिया व बुखार से पीड़ित मरीजों को भर्ती किया जा रहा है। हालत यह है कि जिला अस्पताल के सभी बेड मरीजों से भरे हैं। ‘अमर उजाला’ ने शुक्रवार को जिला अस्पताल का जायजा लिया तो मरीज व तीमारदार बेहाल नजर आए। भीषण गर्मी में संक्रामक बीमारियों ने पांव पसार लिए हैं।
बच्चों से लेकर बड़े बुजुर्ग रोजाना पेट दर्द, उल्टी-दस्त, तेज बुखार से पीड़ित होकर जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। जिला अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों में ज्यादा संख्या बच्चों की है। जिला अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड से लेकर जनरल वार्ड तक में बेड खचाखच भरे हैं। कूरेभार की इरूल निवासी कमलेश कुमारी (35), तिवारी का पुरवा की प्रिया (7), अंकित (3) , सैफुल्लागंज निवासी अफसर (28), शहर के विवेक नगर निवासी प्रदीप (40) समेत कई लोग जिला अस्पताल में डायरिया से पीड़ित होकर भर्ती हुए हैं। दूसरी तरफ जिले के ग्रामीण अंचलों में भी स्थित सीएचसी व पीएचसी पर मरीजों को भर्ती किया गया है। लगातार डायरिया से पीड़ित मरीजों की संख्या में इजाफा होने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है।
चिकित्सक सतर्क : सीएमओ
सुल्तानपुर। सीएमओ डॉ. रमेश चंद्रा ने बताया कि मौजूदा समय में अधिकतर लोग डायरिया की चपेट में आ रहे हैं। चिकित्सकों की पूरी व्यवस्था है। सीएचसी-पीएचसी पर तैनात चिकित्सकों को निर्देश दिया गया है कि जो भी मरीज डायरिया से पीड़ित होकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे उन्हें तत्काल भर्ती किया जाए।