लंभुआ (सुल्तानपुर)। गंगा दशहरा पर्व पर जिले के तीर्थ स्थल धोपाप में बृहस्पतिवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु गोमती नदी में स्नान कर पुण्य अर्जित करेंगे। बुधवार शाम तक घाट से लेकर मेला परिसर तक जरूरी इंतजाम पूरे नहीं हो सके थे।
महिलाओं के कपड़े बदलने वाले अस्थाई चेंजिंग रूम में सिर्फ औपचारिकता निभाई गई है। मेला क्षेत्र में शाम तक सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए जा सके थे। गोमती नदी की सतह पर तैरती जलकुंभी के पौधे हटाने का प्रयास अपराह्न बाद तक जारी रहा।
इधर, दोपहर में डीएम, एसपी ने धोपाप घाट की दशा देखी। उन्होंने घाट को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। अस्थाई महिला चेंजिंग रूम में दीवार बनाने को कहा। मेला क्षेत्र में भी सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए मातहतों को निर्देशित किया। स्थानीय लोगों ने डीएम से मंदिर परिसर और रास्ते में लगी दुकानें व याचकों को रास्ते से दूर हटाने को कहा। करीब पांच किमी के मेला क्षेत्र में सैकड़ों दुकानों के पहुंचने का सिलसिला देर रात तक जारी था।
अग्निशमन वाहन व एसडीआरएफ टीम पहुंची
लंभुआ। मेले में किसी भी दुर्घटना से निपटने के लिए एसडीआरएफ व अग्निशमन के वाहन पहुंच चुके हैं। एसडीआरएफ टीम की दो नाव से पूरे जल क्षेत्र में निगहबानी की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने टीम लीडर से बातचीत कर उन्हें सतर्क रहने को कहा।