अमेठी सिटी। दुर्गा पूजा पंडालों में शनिवार सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने विधिविधान से पूजन-अर्चन कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। सिंहपुर क्षेत्र में जगह-जगह सजे दुर्गा पूजा पंडाल में श्रद्धालु मातारानी की पूरे मनोयोग से आराधना कर रहे है। पंडालों में मातारानी के जयकारे गूंज रहे हैं।
क्षेत्र के दुर्गा पूजा पंडाल इन्हौना, अहोरवा भवानी, राजाफत्तेपुर, फूला,टिकरी, सातनपुरवा, जैतपुर, कुकहा रामपुर सहित तमाम गांवों में श्रद्धालु देर रात तक पूजा व आरती करते हैं। फुरसतगंज के पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भक्त मां के दर्शन कर अपनी मनोकामनाएं पूर्ण करने, परिवार की कुशलता और व्यापार-नौकरी में उन्नति की मन्नत मांगने पहुंच रहे हैं। नहर कोठी स्थित बाबा परमहंस धाम में आरती के समय भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष भवानी दत्त दीक्षित ने पूजन किया। इस मौके पर राजेश सिंह, जितेंद्र सोनकर,साधना तिवारी, इंद्रवती,राधा मौर्य आदि मौजूद रहे। जगदीशपुर औद्योगिक क्षेत्र के भेल उपनगरी स्थित शिव मंदिर प्रांगण में स्थापित प्रतिमा के समक्ष महिलाओं ने आरती व पूजन किया। अमेठी शहर के सगरा तिराहा, ककवा रोड, धम्मौर रोड, कोतवाली परिसर, पुलिस लाइन, किठावर, मुंशीगंज, अंतू और दुर्गापुर रोड पर सजे पंडालों में सुबह से देर शाम तक पूजन-अर्चन चलता रहा। शाम की महाआरती में जयकारों की गूंज के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
ग्रामीण अंचल के देवीपाटन, खेरौना, रायपुर फुलवारी, श्रवणपुर, हरदेवनगर, बारामासी बाजार, गोसाईगंज, भेटुआ, भादर, संग्रामपुर और महाराजपुर बाजार में प्रतिमाओं का शृंगार कर पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने नारियल, चुनरी और पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद मांगा। शाहगढ़ के कमलानगर, मुंशीगंज, छोटा कोट, पुरानी बाजार, पलिया और कसरांवा में भी दिनभर पंडालों में भीड़ लगी रही।