शहर के धवन गली में सजा मां अंबे माता पूजा समिति का दरबार।
सुल्तानपुर। शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन मंगलवार को देवी मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ी। घरों और मंदिरों में विधि विधान से मां ब्रह्मचारिणी देवी की पूजा अर्चना का सिलसिला दिन भर चला।
पूरे दिन मंदिरों में घंटे की गूंज व देवी गीत सुनाई देते रहे। उधर, शहर के पांच देवी पंडालों में दर्शन पूजन के लिए श्रद्धालु पहुंचने शुरू हो गए हैं। रुद्रनगर मोहल्ले में स्थित नयना माता मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
मंगलवार सुबह से शहर व ग्रामीण क्षेत्र के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। श्रद्धालु देवी मां के जयकारों के साथ गीत गाकर माता रानी की स्तुति में लगे रहे। लखनऊ-वाराणसी हाईवे के पास लोहरामऊ भवानी धाम है। शारदीय नवरात्र में प्रतिदिन भोर के चार बजते ही श्रद्धालुओं की लंबी लाइन लग जाती है। शाहगंज चौराहा स्थित काली मां का दर्शन कर सुख, शांति व धन-धान्य से पूर्ण होने की मनौती मांगी। मुरारीदास गली स्थित मंदिर पर भी पूजा पाठ करने वाले महिला और पुरुष श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
उधर, शहर के धवन गली, जीएन रोड, रामलीला मैदान, गोलाघाट व अन्य जगहों पर देवी पंडाल में मां की प्रतिमा स्थापित कर दी गई है। शाम होते श्रद्धालु माता रानी का दर्शन पूजन करने के लिए हाजिरी लगाने पहुंच रहे हैं।
काली माता मंदिर में हुआ 151 कन्या पूजन
शाहगंज चौराहा स्थित काली माता मंदिर में शारदीय नवरात्र के पहले दिन सोमवार शाम कन्या पूजन का आयोजन किया गया। मंदिर समिति के सचिव मोहनलाल कसौधन ने सभी 151 कन्याओं को भोजन कराने के बाद उन्हें दक्षिणा और उपहार देकर विदा किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समीक्षा अधिकारी धीरज मिश्र शामिल हुए।