मझवारा गांव के पास क्षतिग्रस्त कार। -संवाद
सुल्तानपुर। प्रयागराज महाकुंभ में स्नान के बाद घर जा रही श्रद्धालुओं की कार सोमवार को सड़क किनारे खड्ड में पलट गई। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि चालक को नींद आ जाने के कारण हादसा हुआ।
बलरामपुर जिले के दुसाह निवासी राम सुमिरन, खुशी व सावित्री, सुल्तानपुर के कूरेभार थानाक्षेत्र के केशवपुर धनजई निवासी अमरनाथ और धनपतगंज थानाक्षेत्र के अतरसुमा कला निवासी राम प्रवेश के साथ प्रयागराज महाकुंभ में स्नान के बाद घर लौट रहे थे।
सोमवार सुबह डायवर्जन के चलते सभी कूरेभार के मायंग रोड से जाने लगे। मझवारा गांव के पास उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब छह फीट गहरे खड्ड में जा गिरी। स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को सीएचसी धनपतगंज पहुंचाया।
सीएचसी प्रभारी डॉ. अरुणेश ने बताया कि सभी घायलों का समुचित इलाज किया गया है और वे खतरे से बाहर हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को अस्पताल से छुट्टी देकर घर भेज दिया गया।