सिंहपुर स्थित अहोरवा भवानी धाम पर दर्शन करते श्रद्धालु। -संवाद
अमेठी सिटी। शारदीय नवरात्र के सातवें दिन जिले के प्रसिद्ध देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। कालिकन धाम, अहोरवा भवानी धाम, हिंगलाज माता मंदिर, दुर्गन धाम, देवीपाटन, माता मवई धाम सहित प्रमुख देवी स्थल माता के जयकारों से गुंजायमान रहे। श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर परिवार की खुशहाली की कामना की।
आदि शक्तिपीठ कालिकन धाम में सुबह चार बजे से ही भक्तों की लंबी कतार लग गई। मां कालिका के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। मां कालिका को प्रसन्न करने के लिए नारियल, चुनरी, लड्डू, पेड़ा और टिकरी का प्रसाद अर्पित किया। पूरे दिन मां के जयकारों से मंदिर परिसर और आसपास का वातावरण भक्तिमय बना रहा। मेला परिसर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।कालिकन धाम के पीठाधीश्वर श्री महाराज ने बताया कि भीड़ के चलते श्रद्धालुओं को कतार लगाकर दर्शन कराए गए।
मां अहोरवा भवानी धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। मंदिर प्रबंधक कुंवर सुरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि नवरात्र की वजह से भीड़ अधिक है। मंदिर परिसर व आसपास सजी दुकानों पर श्रद्धालु खरीदारी करते रहे। मुसाफिरखाना के दादरा स्थित हिंगलाज धाम में कन्या भोज का आयोजन हुआ। मंदिर में आए श्रद्धालुओं ने भी भोज का प्रसाद ग्रहण किया। आयोजक बैंक मैनेजर संजय सिंह ने कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन करवाया। पुजारी शेषराम मिश्र ने बताया कि मंदिर का पौराणिक महत्व है। यहां पर आने वाले श्रद्धालुओं की मनोकामना पूरी होती है। इस मौके पर सुनील श्रीवास्तव, अंजनी श्रीवास्तव, कृपा शंकर सिंह, गिरीश सिंह, विजय प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।